apnabiharjharkhand

चलती ट्रेन में महिला का बैग गिराने का आरोप, नाथनगर स्टेशन पर युवक की पिटाई

भागलपुर-नाथनगर रेलखंड पर चलती ट्रेन में महिला यात्री का बैग नीचे गिराने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नाथनगर स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार, महिला यात्री साहेबगंज से ट्रेन में सफर कर रही थी। महिला का आरोप है कि ट्रेन में आइसक्रीम बेचने वाला एक युवक उसके बैग को पैर से धक्का देकर भागलपुर और नाथनगर स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर गिरा दिया। महिला ने बताया कि बैग में नगद पैसे के साथ अन्य जरूरी सामान भी मौजूद था।

 

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसी युवक ने ट्रेन में सफर कर रहे एक अन्य लड़के के नींबू से भरे बोरे को भी नीचे गिरा दिया। बताया जा रहा है कि बोरे में करीब 500 से 600 पीस नींबू थे, जो रेलवे ट्रैक के किनारे बिखर गए। घटना के बाद यात्रियों में नाराजगी फैल गई।

 

जैसे ही ट्रेन नाथनगर स्टेशन पहुंची, महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। हंगामा सुनकर स्टेशन पर मौजूद स्थानीय लोग और अन्य यात्री मौके पर जुट गए। लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

 

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

 

फिलहाल महिला यात्री और अन्य प्रभावित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *