बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के समय अचानक तेज धूल का गुबार उठने से पायलट को कुछ दिखाई नहीं दिया। दो बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम होने के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया और शहर के हवाई अड्डा मैदान में हेलीकॉप्टर सुरक्षित उतार दिया।
23 मई 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर दौरे पर पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से किला मैदान में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की व्यवस्था की गई थी। लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर मैदान के ऊपर पहुंचा, अचानक तेज हवा के साथ भारी धूल का गुबार उठने लगा। धूल इतनी ज्यादा थी कि पायलट को लैंडिंग एरिया साफ दिखाई देना बंद हो गया।
बताया जा रहा है कि पायलट ने दो बार हेलीकॉप्टर उतारने की कोशिश की, लेकिन दृश्यता पूरी तरह बाधित होने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तत्काल इमरजेंसी निर्णय लिया और हेलीकॉप्टर को शहर के हवाई अड्डा मैदान की ओर मोड़ दिया।
हवाई अड्डा मैदान पूरी तरह तैयार नहीं था और उस समय वहां कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को अपनी ओर आते देख बच्चे तुरंत मैदान से हट गए। इसके बाद पायलट ने सावधानीपूर्वक हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में कोई घायल नहीं हुआ और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरी तरह सुरक्षित रहे। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लिया। इस घटना ने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और लैंडिंग स्थल की तैयारियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


