भागलपुर के कैंप जेल स्थित पंचमुखी हनुमान दरबार से महाकाल उज्जैन और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए 71 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।
भागलपुर के कैंप जेल स्थित पंचमुखी हनुमान दरबार से धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जहां महाकाल उज्जैन और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए 71 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। यात्रा का नेतृत्व संस्था के संचालक प्रशांत कुमार और सन्नी सरीन ने किया। श्रद्धालुओं के रवाना होने से पहले मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान और भगवान शिव से यात्रा की सफलता और कुशलता की प्रार्थना की।
यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु जयकारों के साथ बस में सवार होकर अपने धार्मिक सफर पर निकले। संस्था की ओर से यात्रा को सुचारु और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस धार्मिक यात्रा में संस्था द्वारा एक खास पहल भी की गई, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की। संस्था ने लक्की ड्रॉ के माध्यम से पांच श्रद्धालुओं को मात्र एक रुपये में यात्रा करने का अवसर प्रदान किया। इस पहल से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे धार्मिक सेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
संस्था के संचालकों ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों का भी दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की धार्मिक यात्राओं का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ना और धार्मिक आस्था को मजबूत करना है।
श्रद्धालुओं के रवाना होने के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में पूरी तरह सराबोर नजर आया।


