भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर गांव से एक 13 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर नशीला पदार्थ खिलाकर बेरहमी से मारपीट करने और बाद में अपहरण कर लेने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस से बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग की गई है।
मामला सबौर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव वार्ड नंबर 12 का है, जहां पिंकी देवी ने अपने पुत्र मोनू कुमार, उम्र लगभग 13 वर्ष, के लापता होने की शिकायत सबौर थाना में दर्ज कराई है। पिंकी देवी ने बताया कि उनके पुत्र को गांव के ही सुशील पासवान और उसका पुत्र विक्की कुमार घर के पास स्थित बगीचे में ले गए, जहां कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दोनों ने बेरहमी से मारपीट की।
बताया जा रहा है कि बगीचे से शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल मोनू कुमार को बचाने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद से मोनू कुमार लापता बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि काफी खोजबीन के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मां पिंकी देवी ने आशंका जताई है कि दोनों नामजद आरोपियों ने उनके पुत्र का अपहरण कर लिया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने आवेदन देकर पुलिस से अपने बेटे की जल्द बरामदगी और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने इलाके में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गांव में खुलेआम सूखा नशा बेचा जा रहा है, जिसकी चपेट में छोटे-छोटे बच्चे आ रहे हैं। चोरी और आपराधिक घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाला कोई नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि वे भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।


